कोरबा : मारवाड़ी ब्राह्मण विकास समिति का दीपावली मिलन समारोह एवं अन्नकूट महोत्सव हर्षोल्लास से संपन्न।
Vivek Sahu
Fri, Nov 13, 2026
मारवाड़ी ब्राह्मण विकास समिति का दीपावली मिलन समारोह एवं अन्नकूट महोत्सव हर्षोल्लास से संपन्न।
मेधावी विद्यार्थियों, शरद पूर्णिमा की प्रतियोगिताओं के विजेताओं एवं रामचरितमानस चौपाई प्रतियोगिता के प्रतिभागियों का हुआ सम्मान।।
अन्नकूट का पर्व देता है एकजुटता का संदेश – लखन लाल देवांगन।

कोरबा( दैनिक न्यूज उड़ान) मारवाड़ी ब्राह्मण विकास समिति, कोरबा द्वारा दीपावली मिलन समारोह एवं अन्नकूट महोत्सव का भव्य आयोजन परशुराम भवन, दुरपा रोड, कोरबा में सामाजिक एकजुटता, आपसी सौहार्द एवं उल्लासपूर्ण वातावरण में किया गया।
कार्यक्रम में प्रदेश के उद्योग मंत्री श्री लखन लाल देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
समारोह की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष श्री कैलाश शर्मा ने की, जबकि रामचरितमानस चौपाई प्रतियोगिता के निर्णायक पंडित श्री शिवराज शर्मा की विशेष उपस्थिति रही। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान परशुराम एवं भगवान श्रीकृष्ण के विधिवत पूजन-अर्चन के साथ हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि लखन लाल देवांगन ने सभी को गोवर्धन पूजा, दीपावली मिलन एवं अन्नकूट महोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि किसी भी समाज की उन्नति एवं प्रगति के लिए सभी का एकजुट होना अत्यंत आवश्यक है क्योंकि संगठन में ही शक्ति निहित है।

गोवर्धन पूजा एवं अन्नकूट का पर्व भी हमें यही प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने विपरीत परिस्थितियों एवं संकट के समय ब्रजवासियों को भयभीत होकर इधर-उधर भागने के बजाय एकजुट होकर उसका सामना करने का संदेश दिया था।
गोवर्धन पर्वत उठाकर उन्होंने सभी ब्रजवासियों के सहयोग एवं सामूहिक सहभागिता से श्रमदान और एकता की शक्ति का परिचय कराया।
यह प्रसंग हमें सिखाता है कि संकट के समय यदि सभी लोग एकजुट होकर प्रयास करें तो असंभव कार्य को भी संभव बनाया जा सकता है।
अन्नकूट में विभिन्न प्रकार की सब्जियों एवं व्यंजनों से तैयार सामूहिक प्रसाद भी विविधता में एकता और सामूहिकता का सुंदर प्रतीक है।
समारोह के दौरान मारवाड़ी ब्राह्मण विकास समिति एवं मारवाड़ी ब्राह्मण महिला मंडल द्वारा शरद पूर्णिमा के पावन अवसर पर आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कृत एवं सम्मानित किया गया।
साथ ही मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान कर उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों को प्रोत्साहित किया गया। रामचरितमानस चौपाई प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को प्रतियोगिता के निर्णायक पंडित श्री शिवराज शर्मा के करकमलों से प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार प्रदान किए गए।
इस अवसर पर पंडित शिवराज शर्मा ने सभी प्रतिभागियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान श्रीराम का नाम लेना और उनके नाम का गुणगान करना भी वास्तव में श्रीराम जी की कृपा से ही संभव हो पाता है।
आप सभी की प्रस्तुतियां केवल किसी प्रतियोगिता की उपलब्धि नहीं हैं, बल्कि हमारी सनातन संस्कृति, पारिवारिक संस्कारों और भगवान श्रीराम के आदर्शों के संरक्षण की एक प्रेरणादायी पहल हैं।
जब रामचरितमानस की चौपाइयां हृदय में स्थान बनाती हैं, तब हमारी संस्कृति पीढ़ी-दर-पीढ़ी जीवंत बनी रहती है। इस अवसर पर मुख्य अतिथि उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन को समिति के वरिष्ठ सदस्य पंडित श्री दीनदयाल शर्मा द्वारा स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का भावपूर्ण एवं प्रभावशाली संचालन डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा एवं श्री संजय शर्मा ने अपनी सहज, सरल एवं ऊर्जामयी वाणी से किया।
इसके पश्चात भगवान को अन्नकूट प्रसाद का भोग अर्पित कर सामूहिक आरती की गई तथा उपस्थित सभी समाजजनों ने श्रद्धापूर्वक अन्नकूट की प्रसादी ग्रहण की।
दीपावली मिलन समारोह एवं अन्नकूट महोत्सव को सफल बनाने में समिति के संरक्षक नाड़ीवैद्य पंडित श्री शिव कुमार शर्मा, अध्यक्ष श्री कैलाश शर्मा, सचिव श्रीमती शशि शर्मा, कोषाध्यक्ष श्री सुरेश शर्मा तथा मारवाड़ी ब्राह्मण महिला मंडल की संरक्षिका श्रीमती निर्मला शर्मा, अध्यक्ष श्रीमती रेणु पुजारी, सचिव श्रीमती अंजू चौमाल एवं कोषाध्यक्ष श्रीमती सोनल शर्मा सहित समाज के पदाधिकारियों एवं सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। बड़ी संख्या में समाजबंधुओं एवं मातृशक्ति ने सपरिवार उपस्थित होकर आयोजन की गरिमा बढ़ाई।
समारोह ने सामाजिक एकता, पारिवारिक संस्कारों, सांस्कृतिक परंपराओं एवं आपसी भाईचारे को सुदृढ़ करने का प्रेरणादायी संदेश दिया।
Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन