कोरबा : लोन दिलाने के नाम पर साइबर ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार।
Fri, Jun 26, 2026
लोन दिलाने के नाम पर साइबर ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार।
" *सजग कोरबा – सतर्क कोरबा" अभियान के तहत साइबर थाना कोरबा की बड़ी कार्रवाई।
यूट्यूब से सीखे साइबर ठगी के तरीके, लोगों को बैंक लोन का झांसा देकर करता था धोखाधड़ी
।
*विभिन्न व्यक्तियों के नाम पर सिम कार्ड लेकर करता था साइबर अपराध, साक्ष्य मिटाने के लिए बाद में कर देता था नष्ट।
**आरोपी के कब्जे से ₹27,070/- नगद बरामद कर जप्त किया गया।
कोरबा( न्यूज उड़ान )पुलिस अधीक्षक कोरबा सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री लखन पटले एवं नगर पुलिस अधीक्षक कोरबा श्री प्रतीक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में संचालित "सजग कोरबा – सतर्क कोरबा" अभियान के अंतर्गत साइबर पुलिस थाना कोरबा प्रभारी निरीक्षक ललित चंद्रा एवं साइबर टीम के द्वारा साइबर ठगी के एक प्रकरण में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर ठगी की राशि बरामद की गई है।
साइबर पुलिस थाना कोरबा में पंजीबद्ध अपराध क्रमांक 04/2026 के अंतर्गत धारा 318(4), 319(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) एवं धारा 66(c), 66(d) सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत विवेचना की जा रही थी।
जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि आरोपी लोगों को बैंक से आसान किस्तों पर लोन दिलाने का झांसा देकर साइबर ठगी की घटनाओं को अंजाम देता था।
विवेचना में यह भी ज्ञात हुआ कि आरोपी विभिन्न व्यक्तियों को अपने प्रभाव में लेकर उनके नाम पर सिम कार्ड प्राप्त करता था तथा उन्हीं सिम कार्डों का उपयोग साइबर अपराध करने में करता था।
घटना के बाद साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से संबंधित सिम कार्डों को नष्ट कर देता था।
जांच के दौरान आरोपी पुष्पेन्द्र कुमार मेहर (उम्र 25 वर्ष), पिता योगेन्द्र मेहर, निवासी ग्राम सेमरा, थाना डबरा, जिला शक्ति (छ.ग.), हाल मुकाम रिस्दी, थाना बालको, जिला कोरबा से पूछताछ की गई।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने वर्ष 2023 में भी एक व्यक्ति को लोन दिलाने का झांसा देकर उसके खाते से ₹40,000/- की धोखाधड़ी की थी।
दिनांक 22.06.2026 को आरोपी ने रूमगढ़ा चौक क्षेत्र में व्यवसाय करने वाली महिला नोनी बाई यादव को मात्र ₹11,000/- मासिक किश्त पर ₹5,00,000/- का लोन दिलाने का प्रलोभन दिया।
आरोपी ने महिला के मोबाइल में संचालित डिजिटल भुगतान माध्यम (PhonePe) का उपयोग कर ₹40,500/- की राशि एक अन्य व्यक्ति के बैंक खाते में ट्रांसफर करवा दी।
आरोपी ने पूर्व में ही उक्त खाताधारक को भी लोन दिलाने का झांसा देकर उसका QR कोड प्राप्त कर रखा था। राशि ट्रांसफर होने के बाद आरोपी संबंधित व्यक्ति के साथ बैंक पहुंचा और खाते से नकद राशि निकलवाकर अपने कब्जे में ले ली।
आरोपी के कब्जे ठगी की राशि में से ₹27,070/- (सत्ताईस हजार सत्तर रुपये) नगद बरामद कर विधिवत जप्त किया गया।
आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। प्रकरण में आरोपी की अन्य साइबर अपराधों में संभावित संलिप्तता के संबंध में विस्तृत जांच जारी है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका।
उक्त प्रकरण के सफल निराकरण एवं आरोपी की गिरफ्तारी में साइबर पुलिस थाना कोरबा प्रभारी ललित कुमार चंद्रा, उप निरीक्षक अजय सोनवानी, प्रधान आरक्षक गुनाराम सिन्हा, आरक्षक डेमन ओगरे, आरक्षक वीरकेश्वर प्रताप सिंह, आरक्षक आलोक टोप्पो, आरक्षक सुशील यादव, आरक्षक श्याम सिदार, आरक्षक संजू सिंह एवं महिला आरक्षक रेणु टोप्पो की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही।
कोरबा पुलिस की अपील
कोरबा पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि किसी भी प्रकार के लोन, निवेश योजना अथवा ऑनलाइन ऑफर के संबंध में अज्ञात व्यक्तियों के झांसे में न आएं।
किसी भी डिजिटल माध्यम से राशि हस्तांतरित करने से पूर्व संबंधित संस्था एवं व्यक्ति की सत्यता का पूर्ण सत्यापन अवश्य करें।
साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें अथवा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें।
सजग रहें • सतर्क रहें • सुरक्षित रहें
कोरबा : अपराधों पर सख्त कार्रवाई, जिलेभर में पुलिस का विशेष अभियान जारी।
Fri, Jun 26, 2026
अपराधों पर सख्त कार्रवाई, जिलेभर में पुलिस का विशेष अभियान जारी।
मारपीट के मामलों में 92 आरोपी गिरफ्तार, प्रतिबंधात्मक कार्रवाई एवं यातायात नियमों के उल्लंघन पर पुलिस की सख्ती।
कोरबा( न्यूज उड़ान )पुलिस द्वारा जिले में अपराध नियंत्रण, अपराधों की रोकथाम एवं आमजन की सुरक्षा के उद्देश्य से चलाए जा रहे “
सजग कोरबा – सतर्क कोरबा
"अभियान के तहत लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में दिनांक 24 जून 2026 को जिले के समस्त थाना/चौकी क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर विभिन्न मामलों में कार्रवाई की गई।
मुख्य कार्रवाई के बिंदु :-
मारपीट एवं विवाद के मामलों में 92 आरोपियों की गिरफ्तारी।
जिले के विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों में मारपीट एवं विवाद संबंधी मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए कुल 92 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालयीन कार्रवाई की गई।
बाइक पेट्रोलिंग के माध्यम से विशेष अभियान।
पुलिस द्वारा बाइक पेट्रोलिंग के माध्यम से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी गई।
ऐसे स्थानों पर पहुंचकर संदिग्ध गतिविधियों एवं असामाजिक तत्वों पर नजर रखी गई, जहां सामान्य पेट्रोलिंग वाहन पहुंचने में कठिनाई होती है।
170 BNSS के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई, 9 आरोपी जेल भेजे गए।
शांति व्यवस्था बनाए रखने एवं भविष्य में विवाद की स्थिति को रोकने के उद्देश्य से धारा 170 BNSS के तहत कार्रवाई करते हुए 09 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।
शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई।
यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने एवं सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए शराब सेवन कर वाहन चलाने वाले 07 वाहन चालकों के विरुद्ध धारा 185 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
इसके अलावा मोटर व्हीकल एक्ट के तहत विभिन्न धाराओं में भी कार्रवाई की गई।वर्ष 2026 में अब तक धारा 185 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कुल 1021 वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की गई है।
आदतन अपराधी के विरुद्ध 129 BNSS के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई।
अपराधों की रोकथाम एवं आदतन अपराधियों की गतिविधियों पर नियंत्रण रखने के उद्देश्य से एक व्यक्ति के विरुद्ध धारा 129 BNSS के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।धारा 129 BNSS के अंतर्गत ऐसे आदतन आरोपी के विरुद्ध कार्रवाई की जाती है, जिनसे शांति भंग होने अथवा भविष्य में अपराध किए जाने की आशंका हो, ताकि समय रहते प्रभावी रोकथाम की जा सके।
कोरबा पुलिस द्वारा “
सजग कोरबा – सतर्क कोरबा
अभियान” के अंतर्गत अपराधियों एवं असामाजिक तत्वों पर लगातार निगरानी रखते हुए प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।
आमजन की सुरक्षा एवं जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस का यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
सजग कोरबा – सतर्क कोरबा
कोरबा पुलिस
कोरबा : अवैध रेत खनन बना जानलेवा, ट्रैक्टर पलटने से युवक की मौत।
Fri, Jun 26, 2026
कोरबा( न्यूज उड़ान )जिले के उरगा थाना क्षेत्र के मड़वारानी में अवैध रेत खनन से जुड़ा एक बड़ा हादसा सामने आया है।
सोन नदी से रेत निकालकर लौट रहा ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
मड़वारानी निवासी 29 वर्षीय शिवकुमार पटेल अपने साथियों के साथ सोन नदी से रेत निकालकर लौट रहा था।
ग्राम जर्वे के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर पलट गया।
हादसे में शिवकुमार ट्रैक्टर के इंजन के नीचे दब गया।
ग्रामीणों ने उसे बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
वहीं चालक अमित कुमार समेत दो लोग घायल हुए हैं।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।