कोरबा : बालको में इंडियन कॉफी हाउस का शुभारंभ।
Tue, Nov 4, 2025
बालकोनगर (न्यूज उड़ान) भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं निदेशक राजेश कुमार ने बालकोनगर में नवस्थापित इंडियन कॉफी हाउस (आईसीएच) का शुभारंभ किया।
स्वाद, गुणवत्ता और परंपरा के लिए प्रसिद्ध इंडियन कॉफी हाउस का यह नया आउटलेट अब बालको परिवार और नगरवासियों के लिए एक नया आकर्षण केंद्र बन गया है।
नया कॉफी हाउस आधुनिक एवं सौंदर्यपूर्ण वातावरण में निर्मित है, जो टाउनशिप के निवासियों, कर्मचारियों और आगंतुकों के लिए अनौपचारिक मुलाकातों और सामाजिक मेलजोल का एक सुकून भरा स्थल प्रदान करता है। यहाँ पारंपरिक भारतीय कॉफी के साथ-साथ विविध स्नैक्स और लज़ीज़ व्यंजन उपलब्ध हैं, जो सभी नगरवासियों को आकर्षित करते हैं।
बालको सीईओ राजेश कुमार ने कहा कि बालको सदैव अपने कर्मचारियों और उनके परिवारों के जीवन में सुविधा, आराम और सामुदायिक भावना को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध रहा है। इंडियन कॉफी हाउस का यह नया केंद्र न केवल स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद देगा, बल्कि लोगों के बीच आपसी संवाद और जुड़ाव का एक मंच भी बनेगा।
बालको प्रबंधन सदैव अपने टाउनशिप को बेहतर बनाए रखने हेतु विभिन्न नागरिक सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए प्रयासरत रहा है।
नेहरू पार्क परिसर, बालको स्टेडियम, आधुनिक अस्पताल, विद्यालय तथा अन्य नागरिक सुविधाएँ नगर के जीवन को समृद्ध बनाती हैं।
इन्हीं प्रयासों की कड़ी में स्थापित नया इंडियन कॉफी हाउस न केवल बालकोनगर के सामाजिक ताने-बाने को और मजबूत करेगा, बल्कि कर्मचारियों एवं उनके परिवारों के दैनिक जीवन में सहजता, सुकून और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हुए नगर की सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को नई गति प्रदान करेगा।
कोरबा : पार्षद नरेंद्र देवांगन जी ने किया ₹4 लाख की लागत से सीसी रोड एवं नाली निर्माण कार्य का भूमिपूजन।
Tue, Nov 4, 2025
कोरबा( न्यूज उड़ान )भाजपा सरकार के सुशासन और विकासोन्मुखी नीतियों के तहत वार्ड क्रमांक 18, कोहड़िया में विकास की रफ्तार निरंतर तेज़ी से बढ़ रही है।
माननीय मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय , उपमुख्यमंत्री एवं कोरबा प्रभारी मंत्री अरुण साव के मार्गदर्शन तथा माननीय उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन के नेतृत्व में वार्ड कोहड़िया निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर है।
इसी क्रम में दिनांक 02.11.2025 दिन रविवार को वार्ड पार्षद नरेंद्र देवांगन द्वारा वार्ड क्रमांक 18 कोहड़िया अंतर्गत जोगिया डेरा भवानी मंदिर बस्ती में मरम्मत-संधारण मद से ₹4 लाख की लागत से प्रस्तावित सीसी रोड एवं नाली निर्माण कार्य का विधिवत भूमिपूजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक पूजा-अर्चना और नारियल फोड़कर शुभारंभ के साथ हुई।
इस अवसर पर पार्षद नरेंद्र देवांगन जी ने कहा कि — “यह कार्य क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करेगा और वार्डवासियों को बेहतर सड़क व नाली की सुविधा उपलब्ध कराएगा।
भाजपा सरकार के सुशासन में हमारा लक्ष्य कोहड़िया को एक आदर्श मॉडल वार्ड के रूप में विकसित करना है।”
उन्होंने आगे कहा कि —
“जनसहभागिता और सामूहिक प्रयासों से ही विकास संभव है, और यह यात्रा लगातार प्रगति के मार्ग पर आगे बढ़ती रहेगी।”
इस अवसर पर शाला प्रबंधन समिति सदस्य कपूरचंद पटेल जी, मंडल उपाध्यक्ष प्यारे लाल साहू जी, कृष्ण कुमार द्विवेदी , संतोष पटेल जी, सौँखी मांझी , ललित साहू जी, जवाहर कोराम, छतराम साहू जी, महादेव साहू , नितिन यादव जी, तुषार मानसर , श्रीमती संतोषी साहू , श्रीमती रामकुमारी , श्रीमती तुलसी साहू सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, ग्रामवासी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
अंत में पार्षद श्री देवांगन ने अपने उद्बोधन में कहा —
“अब हो रहा है विकास... और यह यात्रा निरंतर आगे बढ़ती रहेगी।”
कोरबा : आवासों को खाली करने उचित कारण बताए बालको-- हितानंद।
Tue, Nov 4, 2025
कोरबा( न्यूज उड़ान) भाजपा बालको नगर मंडल ने पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं MIC सदस्य हितानंद अग्रवाल के साथ नगर वासियों की मौजूदगी में बालको प्रबंधन को सेक्टर 5 आवासीय क्षेत्र को खाली न कराए जाने, खाली करने का कारण बताने एवं जमीन से संबंधित जरूरी दस्तावेज उपलब्ध कराने के संबंध में पत्र दिया।
बालको एक्सटर्नल अफेयर के हेड कुशाग्र कुमार ने सभी पदाधिकारियो से मुलाकात कर मेंटेनेंस ऑफिस के परिसर में पत्र ग्रहण किया।
भाजपा नगर मंडल बालकों ने पत्र में लिखा कि "बीते कुछ दिनों से बालको प्रबंधन द्वारा यह कहते हुए क्वार्टर खाली कराए जा रहे हैं की भवनों में रचनात्मक स्थिरता एवं सुरक्षा जोखिम उत्पन्न हो गया है।
इस कार्यवाही से बालको नगर क्षेत्र के सैकड़ो परिवारों में भय असुरक्षा एवं दशक का माहौल बन गया है।
यह क्षेत्र केवल कर्मचारियों का आवास स्थल नहीं बल्कि एक सजीव सामाजिक एवं पारिवारिक इकाई है, जहां वर्षों से नागरिक अपने बच्चों की शिक्षा, आजीविका और सामाजिक जीवन के साथ बसे हुए हैं।
अचानक क्वार्टर खाली करने की प्रक्रिया न केवल मानवीय दृष्टि से असंवेदनशील है बल्कि क्षेत्रीय शांति व्यवस्था के लिए भी चुनौती पूर्ण बन रही है।
इससे हमारा स्पष्ट मत है कि बालको वेदांता प्रबंधन द्वारा सेक्टर 5 के पुराने क्वार्टरो को संरचनात्मक और स्थिरता एवं सुरक्षा जोखिमों का हवाला देकर खाली करने के निर्देश जारी किए जा रहे हैं।
इस विषय में यह स्पष्ट करना आवश्यक है कि उक्त क्वार्टर राज्य शासन की भूमि पर निर्मित है, जो उद्योग स्थापना के लिए राज्य शासन द्वारा कंपनी को आवंटित किया गया था,क्या इसे तोड़कर नया आवासीय परिसर बनाया जाएगा।
यदि आवासीय परिसर बनाया जाता है तो राज्य शासन से स्वीकृति लिया गया एवं उसका नक्शा तैयार किया गया है तो हमें छायाप्रति उपलब्ध कराएं।
यदि इस आवासीय परिसर को तोड़कर आप राज्य शासन को वापस करने की स्थिति में इस संबंध में आपके द्वारा पत्राचार किया गया हो तो उसके दस्तावेज उपलब्ध कराएं।
सेक्टर 5 के निवासियों को बेघर ना किया जाए, सेक्टर 5 में निवासरत लोगों ने अपने सीमित संसाधनों एवं व्यक्तिगत व्यय से क्वार्टरों की मरम्मत कर संरचनात्मक स्थिरता सुनिश्चित की है,जिससे अब कोई सुरक्षा जोखिम शेष नहीं है।
अतः प्रशासन एवं कंपनी प्रबंधन से आग्रह है कि जनता की भावना का सम्मान करते हुए इन आवासों को तोड़ने का निर्णय तत्काल प्रभाव से निरस्त किया जाए।
यदि बालको वेदांत द्वारा संरचनात्मक स्थिरता अथवा सुरक्षा जोखिम को लेकर वास्तविक चिंता व्यक्त की जा रही है, तो ऐसे निवासरत परिवारों से शपथ पत्र के माध्यम से यह सुनिश्चित किया जा सकता है कि वह अपने आवास में निवास हेतु स्वविवेक एवं स्वयं की जिम्मेदारी पर रह रहे हैं।
ऐसी स्थिति में उक्त क्वार्टरों को खाली करना आवश्यक नहीं है।यदि बालको प्रबंधन द्वारा इस विषय पर शीघ्र संवेदनशीलता नहीं दिखाई गई तो भाजपा बालको मंडल जनप्रतिनिधियों एवं जनता के साथ मिलकर लोकतांत्रिक एवं आंदोलनात्मक कदम उठाने को होंगे, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी प्रबंधन की होगी।
इस दौरान भाजपा बालको नगर मंडल के मंडल अध्यक्ष डीलेंद्र यादव , महामंत्री जय नंद राठौर , महामंत्री संपत यादव , महिला मंडल अध्यक्ष अर्चना रुणीझा , मंत्री रेणु प्रसाद , मंत्री राजा शर्मा , अनीता वैष्णव , मंजू ठाकुर , मनजीत कौर , पिंटू झा एवं अन्य कार्यकर्ता गण उपस्थित रहे।