कोरबा : बालको के सेवानिवृत कर्मचारियों ने किया संयंत्र भ्रमण।
Tue, Jul 14, 2026
बालकोनगर( न्यूज उड़ान) वर्षों पहले जिस संयंत्र की मशीनों की आवाज़ उनकी दिनचर्या का हिस्सा थी, जिन कार्यस्थलों पर उन्होंने अपने जीवन के महत्वपूर्ण वर्ष बिताए और जिसकी प्रगति में अपना योगदान दिया, उसी बालको संयंत्र में लौटना सेवानिवृत कर्मचारियों के लिए केवल एक भ्रमण नहीं, बल्कि यादों की एक भावनात्मक यात्रा बन गया।
वेदांता एल्यूमिनियम मेटल लिमिटेड की कंपनी भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) ने अपने सेवानिवृत कर्मचारियों के लिए संयंत्र भ्रमण का आयोजन किया।
इस अवसर पर वर्षों तक बालको की प्रगति में योगदान देने वाले कर्मचारियों ने एक बार फिर अपने कार्यस्थल का दौरा किया और पुरानी यादों को ताज़ा करते हुए भावुक हो उठे।
भ्रमण के दौरान सेवानिवृत कर्मचारियों ने स्मेल्टर, कास्ट हाउस, पावर प्लांट तथा अन्य प्रमुख इकाइयों का अवलोकन किया। कभी जिन इकाइयों में उन्होंने स्वयं काम किया था, आज वहां आधुनिक तकनीकों, उन्नत सुरक्षा मानकों, डिजिटलीकरण और बढ़ती उत्पादन क्षमता को देखकर उन्होंने बालको की विकास यात्रा की सराहना की।
कंपनी के प्रतिनिथि विजय बाजपेयी एवं प्रखर सिंह ने उन्हें कंपनी की वर्तमान उपलब्धियों, विस्तार योजनाओं और भविष्य की विकास यात्रा से भी अवगत कराया।
इस अवसर पर बालको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं पूर्णकालिक निदेशक श्री राजेश कुमार सिंह ने कहा, “हमारे कर्मचारी कंपनी का अभिन्न हिस्सा हैं और उन्होंने दशकों से बालको की सफलता का मार्ग प्रशस्त किया है।
अपने पूर्व सहकर्मियों का पुनः स्वागत करना और उन्हें उस कंपनी की प्रगति का साक्षी बनते देखना हमारे लिए गौरवपूर्ण अनुभव रहा, जिसके निर्माण और विकास में उनका महत्वपूर्ण योगदान है।
उनका योगदान सदैव बालको की गौरवशाली विरासत का अभिन्न हिस्सा रहेगा और उसी प्रतिबद्धता के साथ अपनी विकास यात्रा को आगे बढ़ाने के लिए हमें निरंतर प्रेरित करता रहेगा।”
सेवानिवृत कर्मचारियों ने इस पहल के लिए बालको प्रबंधन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वर्षों बाद संयंत्र का दौरा करना उनके लिए गर्व और भावनाओं से भरा अनुभव रहा।
सेवानिवृत कर्मचारियों ने कंपनी के साथ बिताए अपने वर्षों को याद किया और अपने अनुभव साझा किए।
बालको केवल उनका कार्यस्थल नहीं, बल्कि उनके जीवन का एक महत्वपूर्ण हिस्सा रहा है।
उन्होंने कहा कि आधुनिक स्वरूप में विकसित होते बालको को देखकर उन्हें अत्यंत प्रसन्नता हुई और विश्वास है कि कंपनी भविष्य में भी औद्योगिक उत्कृष्टता तथा राष्ट्र निर्माण में अपना महत्वपूर्ण योगदान देती रहेगी।
सेवानिवृत कर्मचारी रघुवर प्रसाद पटेल ने बताया, मैं स्मेल्टर में कार्य करता था जहां पहले एक लाख टन उत्पादन होता था अब वहीं बालको 10 लाख टन उत्पादन की तरफ अपना कदम बढ़ा चुका है। बालको का विकास 2005 के बाद से उत्तरोत्तर होते गया है। कंपनी लगातार टाउनशिप के सौंदर्यीकरण का कार्य कर रहा है।
सेवानिवृत कर्मचारी बंसत तिवारी बताया, बालको प्लांट निरंतर प्रगति के साथ सुंदर और सुव्यवस्थित हो गया है तथा सुरक्षा प्रथम को प्राथमिकता दी जा रही है।
बालको प्रबंधन से कामना करते है कि इसी तरह सेवानिवृत कर्मचारियों को संयंत्र भ्रमण की संस्कृति को जारी रखे।
सेवानिवृत कर्मचारी सनत कुमार सोंधिया ने बताया प्लांट शुरूआत में एक पौधे जैसा अब यह एक बड़े बरगद के स्वरूप में बदल चुका है।
आज इसकी छाया में सभी कर्मचारी तरक्की कर रहा है। एआई ने सुरक्षा को काफी हद तक सशक्त बनाया है जो हमें प्लांट मे देखने को मिला।
कंपनी का आज भी सुरक्षित कार्यस्थल को प्राथमिकता देना बालको के लिए गौरव एवं गरिमा की बात है।
यह संयंत्र भ्रमण अतीत की स्मृतियों और वर्तमान की उपलब्धियों के मिलन का अवसर बना। जिन हाथों ने कभी बालको की मजबूत नींव तैयार करने और उसकी विकास यात्रा को आगे बढ़ाने में योगदान दिया, उन्हीं सेवानिवृत कर्मचारियों ने आज आधुनिक और विस्तारित होते संयंत्र को करीब से देखा।
बालको अपने कर्मचारियों और सेवानिवृत कर्मचारियों के साथ मजबूत संबंध बनाए रखने में विश्वास करता है।
ऐसे आयोजन न केवल कंपनी की समृद्ध विरासत का सम्मान करते हैं, बल्कि विभिन्न पीढ़ियों के बीच अनुभव, ज्ञान और प्रेरणा के आदान-प्रदान को भी प्रोत्साहित करते हैं।
कोरबा : वॉश बेसिन के नीचे छिपा था बेहद विषैला कॉमन क्रेट, RCRS टीम की तत्परता से टला बड़ा हादसा।
Tue, Jul 14, 2026
कोरबा (दैनिक न्यूज उड़ान) समय रहते सतर्कता और RCRS (Reptile Care and Rescuer Society) की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया। एक घर में वॉश बेसिन के नीचे अत्यंत विषैला कॉमन क्रेट (Common Krait) छिपा बैठा था।
जानकारी के अनुसार, जब घर का एक सदस्य हाथ धोने के लिए वॉश बेसिन के पास पहुंचा, तभी उसकी नजर नीचे किसी चमकती हुई वस्तु पर पड़ी। ध्यान से देखने पर पता चला कि वहां एक सांप बैठा हुआ है। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए परिवार के लोग तुरंत वहां से सुरक्षित दूरी पर हट गए और RCRS के अध्यक्ष अविनाश यादव को सूचना दी।
सूचना मिलते ही अविनाश यादव मौके पर पहुंचे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बताया कि यह कॉमन क्रेट (Common Krait) है, जिसे स्थानीय भाषा में घोड़ा करैत कहा जाता है। यह भारत के सबसे विषैले सांपों में से एक है और इसका विष अत्यंत घातक होता है। इसके बाद सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।
कुछ देर की मेहनत के बाद कॉमन क्रेट स्वयं वॉश बेसिन के नीचे से बाहर निकला, जिसके बाद RCRS टीम ने उसे सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू कर लिया। रेस्क्यू सफल होने पर परिवार और आसपास के लोगों ने राहत की सांस ली तथा RCRS टीम का आभार व्यक्त किया।
RCRS टीम ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी कोई सांप या अन्य वन्यजीव दिखाई दे और उससे किसी प्रकार का खतरा महसूस हो, तो स्वयं पकड़ने या मारने का प्रयास बिल्कुल न करें। ऐसी स्थिति में तुरंत वन विभाग एवं RCRS को सूचना दें। प्रशिक्षित और अनुभवी टीम शीघ्र मौके पर पहुंचकर सुरक्षित रेस्क्यू करती है।
RCRS (Reptile Care and Rescuer Society) के सभी सदस्य प्रशिक्षित (Well-Trained) एवं अनुभवी (Expert) रेस्क्यूअर हैं, जो वन्यजीवों और आम नागरिकों दोनों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हैं।
RCRS हेल्पलाइन नंबर:
- अविनाश यादव: 9827917848
- 9009996789
- 7987957958
कोरबा : थाना करतला के बडमार जंगल में जुआ खेलते 6 जुआडी गिरफ्तार ।
Tue, Jul 14, 2026
कोरबा (न्यूज उड़ान )जिले में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण एवं अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक कोरबा सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं संबंधित अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) के मार्गदर्शन में जिले के समस्त थाना एवं चौकी क्षेत्रों में "सजग कोरबा, सतर्क कोरबा" अभियान के तहत लगातार प्रभावी कार्यवाही की जा रही है।
इसी क्रम में थाना कतरला पुलिस द्वारा मुखबीर सूचना के आधार पर करतला के ग्राम बडमार जंगल में जुए के फड पर रेड कार्यवाही की गई जिसमें 6 जुआडियों को दबोचा गया।
नगदी रकम 5350 रूपये, 52 पत्ती तास, तिरपाल, 6 मोबाईल फोन, 10 मोटर सायकल जप्त कर कार्यवाही की गई है।
जुआडियों का नाम पता -
1. कृष्णाराय पिता स्व0 कैलाश चंद राय उम्र 35 वर्ष, पता ग्राम करतला,
2. सर्वजीत राय पिता रेवा शंकरराय उम्र 43 वर्ष, पता ग्राम करतला,
03. विजय शर्मा पिता श्रीकायस्त वर्मा उम्र 48 वर्ष, पता ग्राम करतला,
4. संतोष गबेल पिता श्री घनश्याम लाल गबेल उम्र 48 वर्ष, पता ग्राम करतला,
5. बसंत खूंटे पिता स्व. श्री रामानंद खूंटे उम्र 32 वर्ष, पता ग्राम करतला,
6. कृष्णा दास पिता श्री मुंशीदास उम्र 50 वर्ष, पता ग्राम करतला,
थाना करतला जिला कोरबा छ0ग0
अप0क्र0 111/2026 छ0ग0 जुआ प्रति0 अधि0 की धारा 03