कोरबा : जनगणना का कार्य समय-सीमा में पूरी गंभीरता और सावधानी से करें: कलेक्टर कुणाल दुदावत।
Thu, Oct 29, 2026
जनगणना का कार्य समय-सीमा में पूरी गंभीरता और सावधानी से करें: कलेक्टर कुणाल दुदावत।
जनगणना प्रशिक्षण का निरीक्षण कर अधिकारियों को दिए निर्देश।
कोरबा( दैनिक न्यूज उड़ान) कलेक्टर कुणाल दुदावत ने आज जनगणना-2027 के अंतर्गत जिला एवं चार्ज अधिकारियों के लिए आयोजित जिला स्तरीय प्रशिक्षण का निरीक्षण किया।
उन्होंने अधिकारियों को जनगणना के दायित्व निष्ठापूर्वक निभाने और निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
जनगणना-2027 के लिए 26 और 27 अक्टूबर को जिले की 12 तहसीलों के तहसीलदार एवं चार्ज अधिकारी, नायब तहसीलदार एवं अतिरिक्त चार्ज अधिकारी, जनगणना लिपिक तथा तकनीकी सहायकों को प्रशिक्षण दिया गया।
वहीं, 28 और 29 अक्टूबर को नगर पालिका परिषद दीपका, कटघोरा और बांकीमोंगरा, नगर पंचायत पाली एवं छुरीकला तथा नगर पालिक निगम कोरबा के सात जोन के चार्ज अधिकारियों, जनगणना लिपिकों और तकनीकी सहायकों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
कलेक्टर श्री दुदावत ने कहा कि जनगणना का कार्य प्रथम चरण की कार्ययोजना के अनुरूप समय-सीमा में पूरा किया जाए। प्रशिक्षण में जनगणना के नए प्रावधानों और नियमों को गंभीरता से समझें।
घर-घर जाकर होने वाली गणना के संबंध में आम नागरिकों तक सही जानकारी पहुंचाने और उनकी शंकाओं का समाधान करने के लिए पर्याप्त प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए।
इसके लिए पाम्पलेट, रेडियो, सिनेमा और सोशल मीडिया का उपयोग करने के निर्देश भी दिए गए।
जनगणना-2027 में 40 प्रश्नों के माध्यम से व्यक्ति का नाम, आयु, शिक्षा, रोजगार, आधार कार्ड और बैंक खातों की उपलब्धता सहित अन्य जानकारी ली जाएगी।
कलेक्टर ने प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण देने तथा उनकी तैनाती के लिए समय रहते चिन्हांकन करने को कहा।
जिले में 24 चार्ज हैं—12 ग्रामीण और 12 शहरी—जहां बड़ी संख्या में प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों की आवश्यकता होगी।
कलेक्टर ने जनगणना कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने और पर्याप्त सावधानी के साथ कार्य करने की हिदायत दी।
उन्होंने बताया कि जनगणना में किसी व्यक्ति के व्यक्तिगत आंकड़े सार्वजनिक नहीं किए जाते और व्यक्तिगत जानकारी साझा नहीं की जाएगी।
प्रशिक्षण के दौरान राष्ट्रीय प्रशिक्षक एवं जनगणना कार्य निदेशालय, रायपुर के संयुक्त निदेशक श्री अशोक मिश्रा ने जनगणना की विभिन्न प्रक्रियाओं की विस्तार से जानकारी दी।
स्व-गणना 10 जनवरी से 24 जनवरी 2027 तक
स्व-गणना (सेल्फ-एन्यूमरेशन) के लिए पोर्टल 10 जनवरी से 24 जनवरी 2027 तक खुला रहेगा। इस अवधि में नागरिक स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे।
जिले के अधिकारी-कर्मचारियों को शत-प्रतिशत स्व-गणना करने के निर्देश दिए गए हैं।
घर-घर जाकर जनगणना का कार्य 25 जनवरी से 28 फरवरी 2027 तक किया जाएगा। इसके लिए 35 दिन निर्धारित किए गए हैं।
एक परिवार की गणना में लगभग 23 से 30 मिनट लगने की संभावना है। बेघर लोगों की गणना 28 फरवरी को शाम 6 बजे से रात 12 बजे के बीच की जाएगी।
इसके बाद 1 से 5 मार्च 2027 तक पुनरीक्षण दौर चलेगा, जिसमें छूटे हुए लोगों को शामिल किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान जिला जनगणना अधिकारी ओंकार यादव, अपर कलेक्टर कटघोरा, जिला नोडल अधिकारी बैद्यनाथ कुमार तथा अतिरिक्त जिला जनगणना अधिकारी एम.एस. कंवर उपस्थित रहे।
कोरबा : मुख्य अभियंता ने किया बांगो बांध का निरीक्षण।
Thu, Oct 29, 2026
कोरबा (दैनिक न्यूज उड़ान)
मुख्य अभियंता, मिनीमाता हसदेव बांगो परियोजना, बिलासपुर श्री एस. मिंज ने आज 28 अक्टूबर 2026 को बांगो बांध का निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के प्रभाव से संभावित भारी वर्षा और अन्य प्रतिकूल परिस्थितियों से बचाव के लिए की गई तैयारियों का जायजा लिया।
श्री मिंज ने ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को सुरक्षा के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कार्यपालन अभियंता एस.के. भारती सहित अन्य अभियंता और कर्मचारी उपस्थित रहे।
कोरबा : कोरबा मेडिकल कॉलेज में टाइप-1 डायबिटीज क्लीनिक का शुभारंभ।
Thu, Oct 29, 2026
कोरबा मेडिकल कॉलेज में टाइप-1 डायबिटीज क्लीनिक का शुभारंभ।
बच्चों को मिलेगी नियमित जांच एवं निःशुल्क इंसुलिन की सुविधा।
कोरबा (दैनिक न्यूज उड़ान)
जिले में टाइप-1 डायबिटीज से पीड़ित बच्चों एवं किशोरों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में आज स्व. बिसाहू दास महंत संबद्ध चिकित्सा महाविद्यालय में टाइप-1 डायबिटीज क्लीनिक का शुभारंभ किया गया।
राज्य शासन के निर्देशानुसार कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में शुरू किए गए इस क्लीनिक का उद्देश्य पीड़ित बच्चों एवं किशोरों के लिए जांच, उपचार तथा नियमित फॉलोअप सेवाओं को सुदृढ़ करना है।
सीएमएचओ डॉ केसरी ने बताया कि टाइप-1 डायबिटीज से पीड़ित बच्चों को समय पर बीमारी की पहचान, नियमित उपचार और निरंतर चिकित्सकीय देखभाल की आवश्यकता होती है।
क्लीनिक के माध्यम से बच्चों एवं किशोरों की नियमित स्वास्थ्य जांच, उपचार, फॉलोअप तथा निःशुल्क इंसुलिन उपलब्ध कराने की सुविधा मिलेगी।
साथ ही मरीजों एवं उनके परिजनों को बीमारी के प्रति जागरूक करने, इंसुलिन के नियमित उपयोग, खान-पान और उचित देखभाल के संबंध में मार्गदर्शन दिया जाएगा, ताकि वे चिकित्सकीय सलाह के अनुसार नियमित उपचार जारी रख सकें।
विलियम जे. क्लिंटन फाउंडेशन के सहयोग से संचालित यह क्लीनिक प्रत्येक बुधवार को प्रातः 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक स्व. बिसाहू दास महंत संबद्ध चिकित्सा महाविद्यालय में संचालित होगा।
सीएमएचओ डॉ केशरी ने जिले के अभिभावकों से अपील की है कि यदि किसी बच्चे में बार-बार प्यास लगना, बार-बार पेशाब आना, वजन कम होना या अत्यधिक थकान जैसे लक्षण दिखाई दें, तो तत्काल चिकित्सकीय परामर्श लें।
टाइप-1 डायबिटीज की समय पर पहचान एवं नियमित उपचार अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की नियमित स्वास्थ्य जांच कराने तथा चिकित्सक की सलाह के अनुसार उपचार जारी रखने की अपील की है।
क्लीनिक के शुभारंभ अवसर पर जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. कुमार पुष्पेश, मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. प्रीतेश मसीह, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. धर्मवीर सिंह, एनसीडी कंसल्टेंट डॉ. नरेंद्र जायसवाल, प्रोग्राम कंसल्टेंट श्री देवेंद्र देवांगन सहित अन्य कर्मचारी एवं मरीजों के परिजन उपस्थित थे।