कोरबा : आवासों को खाली करने उचित कारण बताए बालको-- हितानंद।
Tue, Nov 4, 2025
कोरबा( न्यूज उड़ान) भाजपा बालको नगर मंडल ने पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं MIC सदस्य हितानंद अग्रवाल के साथ नगर वासियों की मौजूदगी में बालको प्रबंधन को सेक्टर 5 आवासीय क्षेत्र को खाली न कराए जाने, खाली करने का कारण बताने एवं जमीन से संबंधित जरूरी दस्तावेज उपलब्ध कराने के संबंध में पत्र दिया।
बालको एक्सटर्नल अफेयर के हेड कुशाग्र कुमार ने सभी पदाधिकारियो से मुलाकात कर मेंटेनेंस ऑफिस के परिसर में पत्र ग्रहण किया।
भाजपा नगर मंडल बालकों ने पत्र में लिखा कि "बीते कुछ दिनों से बालको प्रबंधन द्वारा यह कहते हुए क्वार्टर खाली कराए जा रहे हैं की भवनों में रचनात्मक स्थिरता एवं सुरक्षा जोखिम उत्पन्न हो गया है।
इस कार्यवाही से बालको नगर क्षेत्र के सैकड़ो परिवारों में भय असुरक्षा एवं दशक का माहौल बन गया है।
यह क्षेत्र केवल कर्मचारियों का आवास स्थल नहीं बल्कि एक सजीव सामाजिक एवं पारिवारिक इकाई है, जहां वर्षों से नागरिक अपने बच्चों की शिक्षा, आजीविका और सामाजिक जीवन के साथ बसे हुए हैं।
अचानक क्वार्टर खाली करने की प्रक्रिया न केवल मानवीय दृष्टि से असंवेदनशील है बल्कि क्षेत्रीय शांति व्यवस्था के लिए भी चुनौती पूर्ण बन रही है।
इससे हमारा स्पष्ट मत है कि बालको वेदांता प्रबंधन द्वारा सेक्टर 5 के पुराने क्वार्टरो को संरचनात्मक और स्थिरता एवं सुरक्षा जोखिमों का हवाला देकर खाली करने के निर्देश जारी किए जा रहे हैं।
इस विषय में यह स्पष्ट करना आवश्यक है कि उक्त क्वार्टर राज्य शासन की भूमि पर निर्मित है, जो उद्योग स्थापना के लिए राज्य शासन द्वारा कंपनी को आवंटित किया गया था,क्या इसे तोड़कर नया आवासीय परिसर बनाया जाएगा।
यदि आवासीय परिसर बनाया जाता है तो राज्य शासन से स्वीकृति लिया गया एवं उसका नक्शा तैयार किया गया है तो हमें छायाप्रति उपलब्ध कराएं।
यदि इस आवासीय परिसर को तोड़कर आप राज्य शासन को वापस करने की स्थिति में इस संबंध में आपके द्वारा पत्राचार किया गया हो तो उसके दस्तावेज उपलब्ध कराएं।
सेक्टर 5 के निवासियों को बेघर ना किया जाए, सेक्टर 5 में निवासरत लोगों ने अपने सीमित संसाधनों एवं व्यक्तिगत व्यय से क्वार्टरों की मरम्मत कर संरचनात्मक स्थिरता सुनिश्चित की है,जिससे अब कोई सुरक्षा जोखिम शेष नहीं है।
अतः प्रशासन एवं कंपनी प्रबंधन से आग्रह है कि जनता की भावना का सम्मान करते हुए इन आवासों को तोड़ने का निर्णय तत्काल प्रभाव से निरस्त किया जाए।
यदि बालको वेदांत द्वारा संरचनात्मक स्थिरता अथवा सुरक्षा जोखिम को लेकर वास्तविक चिंता व्यक्त की जा रही है, तो ऐसे निवासरत परिवारों से शपथ पत्र के माध्यम से यह सुनिश्चित किया जा सकता है कि वह अपने आवास में निवास हेतु स्वविवेक एवं स्वयं की जिम्मेदारी पर रह रहे हैं।
ऐसी स्थिति में उक्त क्वार्टरों को खाली करना आवश्यक नहीं है।यदि बालको प्रबंधन द्वारा इस विषय पर शीघ्र संवेदनशीलता नहीं दिखाई गई तो भाजपा बालको मंडल जनप्रतिनिधियों एवं जनता के साथ मिलकर लोकतांत्रिक एवं आंदोलनात्मक कदम उठाने को होंगे, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी प्रबंधन की होगी।
इस दौरान भाजपा बालको नगर मंडल के मंडल अध्यक्ष डीलेंद्र यादव , महामंत्री जय नंद राठौर , महामंत्री संपत यादव , महिला मंडल अध्यक्ष अर्चना रुणीझा , मंत्री रेणु प्रसाद , मंत्री राजा शर्मा , अनीता वैष्णव , मंजू ठाकुर , मनजीत कौर , पिंटू झा एवं अन्य कार्यकर्ता गण उपस्थित रहे।
कोरबा : बिजली दर मे वृद्धि के विरोध में आप का धरना प्रदर्शन।
Tue, Nov 4, 2025
कोरबा( न्यूज उड़ान )आम आदमी पार्टी द्वारा बिजली दर की वृद्धि के विरोध में जिला कोरबा के बालको स्थित रामलीला मैदान में विशाल धरना प्रदर्शन का आयोजन किया गया।
आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष रिचर्ड डेविड लोगनने बताया कि छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार आम जनता की परेशानी को नज़र अंदाज कर रही है।
छत्तीसगढ़ की जनता अनाप शनाप बढ़ा हुआ बिजली के बिल से त्रस्त हो चुकी है।
जनता को हो रही इन परेशानियों को गंभीरता से लेकर आम आदमी पार्टी छत्तीसगढ़ द्वारा आज विशाल धरना प्रदर्शन कर कलेक्टर/एसडीएम के द्वारा मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ एक बिजली सरप्लस राज्य है, आम जनता को सस्ती बिजली मिलने के बजाय बिजली महँगी करना समझ से परे है, कहा जा रहा है कि वितरण कंपनी को घाटा हो रहा था इस कारण बिजली दर बढ़ाई गयी है।
सरकार जानबूझकर गलत डाटा पेश कर रही है, सरकार भ्रष्टाचार कर रही है निजी उद्योगपतियों से बिजली खरीदने का और उनको फायदा पहुँचाने की नीति है।
सरकार वितरण कंपनी की लागत कम करें। पानी हमारा, कोयला हमारा, जमीन हमारा, उत्पादन हमारा तो बिजली की कीमत ज्यादा क्यों? सरकार लाइन लॉस 15-20% बताती है जबकि 3% से ज्यादा लाइन लॉस नहीं होता है। वहीं बड़े-बड़े व्यापारियों का, नेताओं का करोड़ों रुपयों का बिजली बिल बकाया है। उनसे वसूली ना कर सरकार गरीब लोगों को परेशान कर रही है।
बिल में हर माह ऊर्जा प्रभार के साथ अनेक गैरजरुरी चार्ज लिए जातें हैं।विद्युत कंपनी छत्तीसगढ़ की जनता की जेब काटने का काम कर रही है. धरना प्रदर्शन मे मुख्य रूप से प्रदेश संगठन मंत्री आनंद , प्रदेश संयुक्त सचिव प्रतिमा सिन्हा , लोकसभा सचिव शत्रुघन साहू, लोकसभा उपाध्यक्ष भूषण कुर्रे, पुष्पा लहरे, जगलाल राठिया, पाली तानाखार विधानसभा प्रभारी सोमरन सिंह, लोकसभा कोषाध्यक्ष लहना सिंह, कीर्तन दास, धरम दास गांधी,मंजु सोनी, तेजमती उरांव, शालिनी, विजय नायक, रामलाल मार्को, भोला सोनवानी, कमलेश कुमार, रुकमणि साहू, चमेली श्रीवास, संगीता, सरस्वती, मधु, आशा, कार्तिक राम, मेला बाई, दिनेश, अनिता, शिला, वामन वडोदकर,सहित सैकङो की संख्या मे पार्टी कार्यकर्ता, आम जनता उपस्थित रहे।
कोरबा : बालको ने कोरबा राज्योत्सव में औद्योगिक और सामुदायिक विकास की झलक पेश की।
Tue, Nov 4, 2025
बालको ने कोरबा राज्योत्सव में औद्योगिक और सामुदायिक विकास की झलक पेश की।
कोरबा (न्यूज उड़ान) छत्तीसगढ़ की रजत जयंती के अवसर पर आयोजित राज्योत्सव-2025 कोरबा में भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) के पैवेलियन ने सभी का ध्यान आकर्षित किया।
कंपनी ने अपने स्टॉल के माध्यम से राज्य के औद्योगिक, तकनीकी और सामाजिक विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
कोरबा राज्योत्सव के मुख्य अतिथि कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने बालको पैवेलियन का भ्रमण किया और कंपनी द्वारा किए जा रहे सामुदायिक विकास कार्यों तथा अत्याधुनिक औद्योगिक प्रगति की सराहना की।
बालको पैवेलियन में आगंतुकों को एल्यूमिनियम निर्माण प्रक्रिया, पर्यावरण संरक्षण उपायों और नवाचार तकनीक की जानकारी दी गई। साथ ही कंपनी की प्रमुख सामुदायिक विकास परियोजनाएं, उन्नति, मोर जल मोर माटी, वेदांता स्किल स्कूल, नंदघर, के साथ ही बालको मेडिकल सेंटर, बालको अस्पताल, एवं महिला स्वावलंबन की कहानियों को प्रदर्शित की गईं।
बालको केवल कोरबा ही नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ की औद्योगिक पहचान है। कंपनी ने अपने समर्पण और जिम्मेदारी से समुदायों के जीवन स्तर को ऊंचा उठाने का कार्य किया है।
छह दशकों की अपनी गौरवशाली यात्रा में बालको ने औद्योगिक उत्कृष्टता के साथ-साथ सामाजिक उत्तरदायित्व के क्षेत्र में भी मिसाल कायम की है।
कंपनी वर्तमान में कोरबा एवं आसपास के 123 गांवों में शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, आजीविका और आधारभूत संरचना सुदृढ़ीकरण जैसे क्षेत्रों में कार्य कर रही है, जिससे अब तक 2 लाख से अधिक लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।
बालको प्रबंधन ने कहा कि छत्तीसगढ़ की रजत जयंती राज्य की प्रगति और आत्मनिर्भरता की कहानी का प्रतीक है।
बालको इस यात्रा में सदैव राज्य सरकार और समुदाय के साथ मिलकर सतत विकास के पथ पर अग्रसर रहेगा।
इस अवसर पर बालको के अधिकारीगण, स्थानीय जनप्रतिनिधि, नागरिकगण एवं बड़ी संख्या में आगंतुक उपस्थित रहे।