कोरबा : विश्व मधुमेह दिवस पर निःशुल्क आयुर्वेद चिकित्सा शिविर आयोजित, 36 मरीज हुए लाभान्वित।
Vivek Sahu
Mon, Nov 16, 2026

विश्व मधुमेह दिवस पर निःशुल्क आयुर्वेद चिकित्सा शिविर आयोजित, 36 मरीज हुए लाभान्वित।
आरामदायक जीवनशैली मधुमेह का प्रमुख कारण, दिनचर्या में योग और व्यायाम को दें स्थान – डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा।
कोरबा (दैनिक न्यूज उड़ान) मधुमेह दिवस के अवसर पर 14 नवंबर 2026, शनिवार को लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट एवं आयुष मेडिकल एसोसिएशन कोरबा के संयुक्त तत्वावधान में पतंजलि चिकित्सालय एवं श्री शिव औषधालय, महानदी कॉम्प्लेक्स, निहारिका रोड कोरबा में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में निःशुल्क रक्त शर्करा (ब्लड शुगर) जांच के साथ विभिन्न साध्य, असाध्य एवं कष्टसाध्य रोगों के लिए आयुर्वेद चिकित्सा परामर्श एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई गई। शिविर में कुल 36 मरीजों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
शिविर का शुभारंभ आयुर्वेद विशेषज्ञ नाड़ीवैद्य डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा एवं शिविर में पहुंचे मरीजों द्वारा आरोग्य के देवता भगवान धन्वंतरि एवं भारत माता के पूजन-अर्चन के साथ किया गया।
इस दौरान डॉ. शर्मा ने मरीजों की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें निःशुल्क आयुर्वेद चिकित्सा परामर्श एवं उपचार प्रदान किया।
इस अवसर पर डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा ने मधुमेह रोगियों को आयुर्वेद के अनुसार खानपान, आहार-विहार, दिनचर्या एवं ऋतुचर्या के महत्व की विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि मधुमेह से बचाव और नियंत्रण के लिए नियमित दिनचर्या, संतुलित खानपान तथा शारीरिक सक्रियता बेहद आवश्यक है।
आरामदायक जीवनशैली मधुमेह का बड़ा कारण
डॉ. शर्मा ने कहा कि आरामदायक जीवनशैली मधुमेह रोग के प्रमुख कारणों में से एक है।
जो लोग अधिकांश समय कुर्सी, आसन या गद्दी पर बैठे रहते हैं और नियमित रूप से व्यायाम, योग एवं शारीरिक गतिविधियां नहीं करते, उनमें मधुमेह होने का खतरा बढ़ सकता है।
मधुमेह मुख्य रूप से जीवनशैली से जुड़ा रोग है। इसलिए इससे बचाव के लिए अपनी जीवनशैली में सकारात्मक बदलाव करना बेहद जरूरी है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि वे योग, व्यायाम एवं प्राणायाम को अपनी दैनिक दिनचर्या का अनिवार्य हिस्सा बनाएं तथा खानपान और रहन-सहन पर विशेष ध्यान दें।
मरीजों को दिया गया योग एवं प्राणायाम का प्रशिक्षण
शिविर में मधुमेह रोगियों को लाभकारी योगासनों का व्यक्तिगत रूप से प्रशिक्षण भी दिया गया।
इसमें मंडूकासन, शशकासन, पादहस्तासन, वक्रासन एवं मर्कटासन सहित विभिन्न योगाभ्यास शामिल रहे। इसके साथ ही भस्त्रिका, कपालभाति एवं अनुलोम-विलोम प्राणायाम का भी अभ्यास कराया गया। डॉ. शर्मा ने मरीजों को उनकी स्वास्थ्य स्थिति के अनुसार योगाभ्यास एवं जीवनशैली में आवश्यक सुधार के संबंध में मार्गदर्शन दिया।
क्लब पदाधिकारियों एवं सदस्यों का रहा विशेष योगदान
शिविर में लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट के अध्यक्ष एवं चिकित्सक नाड़ीवैद्य डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा, सचिव प्रत्युष सक्सेना, कोषाध्यक्ष लायन सुधीर सक्सेना, उपाध्यक्ष लायन गजेंद्र राठौड़ सहित अश्विनी बुनकर, नेत्रनंदन साहू, कमल धारिया, अरुण मानिकपुरी, सिद्धराम शाहनी, देवबली कुंभकार, बबलू सोनी, अनुराग कंवर एवं गुनगुन राठिया उपस्थित रहे।
इसके अलावा पंचकर्म टेक्नीशियन पिंकी बरेठ, शैल कुमारी निषाद एवं श्री शिव औषधालय की संचालिका श्रीमती प्रतिभा शर्मा ने भी शिविर के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
विश्व मधुमेह दिवस पर आयोजित इस शिविर के माध्यम से लोगों को मधुमेह के प्रति जागरूक करने, समय पर जांच कराने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।
Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन